लखनऊ यार्ड में मॉकड्रिल कर परखी तैयारियां
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। आलमबाग स्थित लखनऊ यार्ड में शुक्रवार सुबह चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल ट्रेन की तीन बोगियां डिरेल हो गईं। बोगियों में आग लग गई। आनन-फानन रेलवे, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू हुआ।
दरअसल, यह कोई असल हादसा नहीं, बल्कि उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से शुक्रवार को यार्ड में आयोजित मॉकड्रिल का हिस्सा था। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि डीआरएम सुनील कुमार वर्मा की मौजूदगी में सेफ्टी विभागाध्यक्ष समर्थ गुप्ता के संयोजन में मॉकड्रिल हुई। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए तैयारी और प्रशिक्षण की समीक्षा करना रहा। मॉकड्रिल आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और उचित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी है। मॉकड्रिल में नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ), स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ), फायर ब्रिगेड विभाग, स्थानीय पुलिस, रेड क्रॉस सोसायटी, रेलवे के चिकित्सा विभाग, स्काउट एवं गाइड, आरपीएफ आदि की टीमें शामिल रहीं। मॉकड्रिल में दुर्घटना राहत ट्रेन तथा दुर्घटना राहत मेडिकल यान भी इस्तेमाल किया गया। डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने कहाकि रेलवे तथा राज्य प्रशासन के आपसी सहयोग और तालमेल के साथ इस पूरे घटनाक्रम को अत्यंत कुशलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।
चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल की बोगियां पटरी से उतरीं, लगी आग, अफसरों ने संभाला मोर्चा !
चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल की बोगियां पटरी से उतरीं, लगी आग, अफसरों ने संभाला मोर्चा !
चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल की बोगियां पटरी से उतरीं, लगी आग, अफसरों ने संभाला मोर्चा !