दुबई के विदेश मंत्रालय में तैनात अधिकारी राहुल श्रीवास्तव का मंहगा मोबाइल फोन लखनऊ आने के दौरान फ्लाइट से चोरी हो गया। पत्नी वंदना श्रीवास्तव ने सरोजनीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रभारी निरीक्षक रामसूरत सोनकर का कहना है कि एयरपोर्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। उन्होंने बताया कि राहुल दो जनवरी को दुबई से हवाई जहाज से लखनऊ अपने घर आए थे।
उन्होंने बैग देखा तो पता चला कि लॉक से छेड़छाड़ की गई थी। लॉक खोलने की कोशिश की लेकिन वह नहीं खुला। मजबूरी में उन्हें बैग का लॉक तोड़ना पड़ा। बैग के भीतर से उनका मोबाइल फोन गायब था। उन्होंने सोचा कि शायद फोन दुबई वाले घर पर ही छूट गया होगा।
दुबई लौटने पर भी फोन नहीं मिला तो उन्होंने पत्नी को फोन कर इसकी जानकारी दी। उनकी पत्नी ने सोमवार को एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस का कहना है कि एयरपोर्ट पर लगेज संभालने वाले स्टाफ ने उनके बैग से मोबाइल फोन निकाला होगा। छानबीन की जा रही है।