लखनऊ। काकोरी में नहर का बांध फटने से मेहंदीनगर गांव की कई बीघे फसल जलमग्न हो गई थी। इसको लेकर शनिवार दोपहर मलिहाबाद विधायक जय देवी व ब्लॉक प्रमुख नीतू यादव ने निरीक्षण किया। विधायक ने नहर पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया। विधायक ने किसानों के हुए नुकसान के लिए मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की। ग्रामीणों ने बांध फटने को लेकर सिंचाई विभाग व पुल निर्माण में लगे ठेकेदार पर घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने की बात कहते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
बहरु गांव में शारदानहर पर मेहंदीनगर गांव जाने के लिए पुल का निर्माण हो रहा है, जिसकी वजह से मुख्य नहर का पानी पुरानी नहर में भेजा जा रहा है। जिसके लिए बांध बनाया गया था, जो अधिक पानी बहाव की वजह से फट गया था। इससे मेहंदीनगर गांव में कई बीघे फसल जलमग्न हो गई थी। शिकायत पर नहर को बांध कर सही किया गया। मेहंदीनगर गांव के किसान संतोष रावत , पिंटू यादव, राकेश रावत, परसु रावत ने सिंचाई विभाग व पुल निर्माण में लगे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। किसानों ने जलभराव की वजह से हुए नुकसान के लिए विधायक से शिकायत की।