कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना राजनीतिक गुरु बताया है। जिले में सिविल लाइंस स्थित चर्चित कमला नेहरू ट्रस्ट की जमीन पर बसे दुकानदारों को हटाने को लेकर सोमवार को हाई-वे पर प्रदर्शन चल रहा था। इसी बीच वहां सदर विधायक अदिति पहुंच गईं। विधायक ने वहां से हटाए जा रहे दुकानदारों का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि मेरे राजनीतिक गुरु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वजह से दुकानदारों की दुकानें बच पाई हैं। मुख्यमंत्री से इस बारे में बात की गई है और उन्होंने आश्वासन भी दिया है।
दरअसल, लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सिविल लाइंस चौराहा पर दुकानें हटाए जाने का अल्टीमेटम मिलने के बाद दुकानदारों ने हंगामा किया। सदर विधायक अदिति सिंह ने दुकानदारों के समर्थन में उतरते हुए उनके हक की लड़ाई लड़ने का एलान कर दिया। विधायक ने दुकानदारों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिया कि उनके साथ किसी कीमत पर अन्याय नहीं होने पाएगा।
सिविल लाइंस पर सैकड़ों दुकानदार लंबे समय से दुकानें रखकर अपने परिवार की जीविका चलाते थे। जिला प्रशासन की ओर से उन्हें दुकानें खाली करने का नोटिस दिया गया है। इसके बाद से दुकानदारों का गुस्सा बढ़ता गया।
बड़ी संख्या में दुकानदार सिविल लाइंस चौराहा पर एकत्र हुए और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि दुकानें हटवाकर उनकी रोजी-रोटी छीनने का प्रयास किया जा रहा है। दोपहर बाद सदर विधायक अदिति सिंह सिविल लाइंस पहुंचकर दुकानदारों से बातचीत की और उन्हें मदद का भरोसा दिलाया।
अमर उजाला से बातचीत में विधायक ने कहा था कि कुछ अफसर दुकानें खाली कराने में लगे हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। हम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं, लेकिन दुकानदारों के हक की लड़ाई लड़ी जाएगी। उधर, सीओ सदर आरपी शाही का कहना है कि सिविल लाइंस पर ट्रस्ट की जमीन है। कोर्ट ने ट्रस्ट की जमीन पर अवैध तरीके से काबिज दुकानें हटाने के निर्देश दिए हैं। भौतिक सत्यापन कर लिया गया है। जल्द अवैध कब्जा हटवाया जाएगा। हालांकि, अब अदिति सिंह का कहना है कि अब दुकानें नहीं हटाई जाएंगी।