उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 को लेकर भाजपा ने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रविवार को यूपी भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव जीतने का टास्क दिया। सामाजिक समीकरणों पर खास फोकस करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी संख्या वाली जातियों को जोड़ने पर खास फोकस करें। हर जाति तक भाजपा संगठन की पकड़ मजबूत होनी चाहिए।
तावड़े ने सह प्रभारी जगदीश ईश्वर भाई पटेल, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ पार्टी मुख्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक में कहा, जिस क्षेत्र में जिस जाति का प्रभाव है, उस क्षेत्र में उसके मुताबिक ही चुनावी रणनीति बनाएं। सभी जातियों के साथ बैठकें करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी में महिपाल सिंह का बयान दर्ज, गोविंद देव को महासचिव बनाने पर उठाए सवाल
ये भी पढ़ें - यूपी: होमगार्ड बनने के लिए एक लाख से अधिक अभ्यर्थी लगाएंगे दौड़, 14 सितंबर से होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा
उन्होंने क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों का फीडबैक लिया और संगठन को जल्द से जल्द बूथ स्तर तक सक्रिय करने के निर्देश दिए। कहा, चुनाव में जीत तभी सुनिश्चित होगी जब बूथ मजबूत होगा। बूथवार पार्टी संगठन की ताकत और कमजोरियों की पहचान करें और स्थानीय समीकरणों के मुताबिक रणनीति बनाएं।
उन्होंने पदाधिकारियों को जल्द बूथवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। तावड़े ने पदाधिकारियों को संदेश दिया कि चुनाव नजदीक आने का इंतजार करने के बजाय अभी से मैदान में उतरना होगा। बैठक के बाद तावड़े और जगदीश भाई पटेल रविवार की शाम को दिल्ली लौट गए।
विपक्ष के मजबूत चेहरों पर भी नजर
भाजपा प्रभारी ने पदाधिकारियों को विपक्षी दलों के प्रभावशाली और मजबूत संभावित प्रत्याशियों पर भी नजर रखने को कहा। निर्देश दिया कि ऐसे नेताओं की राजनीतिक पकड़ और विधानसभा क्षेत्र में प्रभाव का आकलन करें। इसके आधार पर संबंधित सीट के लिए पहले से रणनीति बनाएं।
योगी की कप्तानी में चुनाव, सरकार-संगठन पर मंथन
इससे पहले तावड़े और यूपी भाजपा के सह प्रभारी जगदीश भाई पटेल ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों के बीच सरकार और संगठन के समन्वय के अलावा विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। सरकार की लाभार्थी योजनाओं की स्थिति और आने वाले समय में संभावित घोषणाओं पर भी मंथन हुआ।
मोर्चों को जल्द टीम बनाने का निर्देश
भाजपा के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के साथ बैठक में तावड़े ने जल्द से जल्द नई टीम गठित करने के निर्देश दिए। कहा, संगठन को अब चुनावी मोड में पूरी ताकत से उतरना है। नई टीम के गठन में जातीय और सामाजिक समीकरणों का ध्यान रखने तथा अधिक से अधिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया गया।