फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: लापता युवक का शव झाड़ियों में मिला, हत्या का आरोप

Sat, 17 Jan 2026 03:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
राजेंद्र कुमार की फाइल फोटो व घटनास्थल पर मौजूद परिजन व ग्रामीण।
विज्ञापन
सरोजनीनगर। बंथरा के सहिजनपुर निवासी राजेंद्र कुमार (30) का शव शुक्रवार सुबह उनके खेत से 500 मीटर दूर आमवां जंगल की झाड़ियों में मिला। वह बृहस्पतिवार सुबह से लापता थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। घटनास्थल पर शव को घसीटे जाने के निशान मिले हैं। आशंका है कि गला कसकर राजेंद्र की हत्या कर शव को झाड़ियों में लाकर फेंका गया है।
विज्ञापन

राजेंद्र के बड़े भाई सुभाष के अनुसार, राजेंद्र ने करीब एक वर्ष पहले गांव के ही रामबाबू, रामचंद्र और रामशंकर के खेत बटाई पर लेकर उसमें गेहूं बोया था। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे खेत की सिंचाई करने निकले थे। कुछ देर बाद मां शांति देवी खाना लेकर खेत पहुंचीं, तो वह वहां नहीं मिले। पास में ही ट्यूबवेल मालिक अशर्फीलाल से पूछने पर पता चला कि राजेंद्र खेत पहुंचे ही नहीं थे। घरवालों ने राजेंद्र को तलाशने की कोशिश की और मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

रात में थाने में दी तहरीर, सुबह दर्ज हुई गुमशुदगी
रात में राजेंद्र के पिता सुमित कुमार ने बंथरा थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और उन्हें टरका दिया। शुक्रवार सुबह, जब परिजनों ने फिर से राजेंद्र को खोजना शुरू किया, तब जाकर पुलिस ने सुबह 10 बजे गुमशुदगी दर्ज की।
विज्ञापन


खेत से 300 मीटर दूर झाड़ियों में मिला शव
शुकवार सुबह 11 बजे खेत से करीब 300 मीटर दूर आमवां जंगल की झाड़ियों में राजेंद्र का शव मिला। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छानबीन के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। परिजनों के अनुसार, राजेंद्र का मोबाइल फोन, चप्पल और गमछा गायब था। उनकी जेब से केवल पर्स मिला, जिसमें 50 रुपये और कुछ दस्तावेज थे।
कहीं और हत्या कर शव को लाकर फेंका गया
राजेंद्र के घरवालों का मानना है कि उनकी हत्या कहीं और की गई है और शव को घसीटकर जंगल की झाड़ियों में फेंका गया है। उन्होंने पीठ पर खरोंच के निशान और घटनास्थल पर शव को घसीटे जाने के निशान मिलने का भी उल्लेख किया है। आशंका जताई जा रही है कि गला घोंटकर हत्या की गई हो।

हालांकि, एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया है कि राजेंद्र के शरीर पर फिलहाल कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।
दो वर्ष पहले हुई थी शादी
राजेंद्र कुमार की शादी दो वर्ष पहले मलिहाबाद के सरैया बसेला गांव निवासी मंजू से हुई थी। उनके एक वर्ष का बेटा रियांश है। इस दुखद घटना की खबर से परिवार में मातम पसर गया है। परिवार में छोटा भाई संपत और बहनें सुभाषिनी और रोशनी भी हैं

राजेंद्र कुमार की फाइल फोटो व घटनास्थल पर मौजूद परिजन व ग्रामीण।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें