लखनऊ। घर से बुधवार दोपहर लापता हुईं अंजना गुप्ता (45) का शव बृहस्पतिवार सुबह चौक स्थित गोमती नदी में उतराता मिला। पुलिस का कहना है कि बुधवार रात उन्होंने पक्का पुल से नदी में छलांग लगा दी थी।
इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष कुमार आर्य के मुताबिक अंजना घंटा बेग गढ़इया इलाके में परिवार के साथ रहती थीं। बुधवार दोपहर वह घर से बिना किसी को कुछ बताए ही निकलीं और लापता हो गई थीं। उनके बेटे ने सआदतगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे अंजना ने पुराने पक्के पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी थी। मौके पर पहुंची चौक पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश की पर सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार को पुलिस ने गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर अंजना के शव को निकाला। सोशल मीडिया पर शव की फोटो को चौक पुलिस ने प्रसारित किया तो परिजनों को पता चला। वे लोग पोस्टमाॅर्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की।
इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों का कहना है कि अंजना मानसिक रूप से बीमार थीं, इलाज चल रहा था। उनके परिवार में पति मोहन कुमार, दो बेटे और एक बेटी हैं।