लखनऊ। बख्शी का तालाब में रविवार सुबह दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में बीकेटी के रामपुर बेहड़ा चक्की निवासी रामकुमार और पत्नी अंजली घायल हो गईं। हादसे में उनके ढाई माह के बच्चे की मौत हो गई। टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से भाग निकला।
रामकुमार ने बताया कि रविवार सुबह बेटे को तेज बुखार था। वह बाइक से हेलमेट लगाकर पत्नी के साथ बेटे को दवा दिलाने राम सागर मिश्र अस्पताल गए थे। लौटते समय सुबह करीब नौ बजे वह सरैया बाजार के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। रामकुमार के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बेटा ऋषि पत्नी की गोद से छिटककर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। वह और उनकी पत्नी भी गिर पड़ी। वह लहूलुहान बेटे को आनन-फानन राम सागर मिश्र अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्हें और पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। ऋषि की मौत की खबर सुनते ही मां अंजली अपनी सुध बुध खो बैठीं। पिता रामकुमार भी बेहोश हो गए। डॉक्टरों व अन्य लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला। रामकुमार सब्जी बेचने का काम करते हैं।
कई मिन्नतों के बाद बेटे का हुआ था जन्म
रोते-बिलखते हुए रामकुमार ने बताया कि बड़ी मिन्नतों के बाद बेटे का जन्म हुआ था। कई मंदिरों में वह पत्नी के साथ पहुंचे तब उन्हें बेटा मिला था, मगर वह भी चला गया। इंस्पेक्टर बख्शी का तालाब संजय सिंह ने बताया कि अभी तक घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये आरोपी बाइक चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।