तंत्रमंत्र के बहाने युवती से दुष्कर्म, रकम ऐंठने के बाद दोस्तों में वायरल किए अश्लील फोटो व क्लिप
चौक क्षेत्र में एक युवक ने पड़ोसी की स्नातक पास बेटी का दिमागी संतुलन गड़बड़ाने पर तंत्रमंत्र का झांसा दिया। झाड़फूंक कराने के बहाने दुष्कर्म करके अश्लील फोटो खींचे और क्लिप बना ली।
दवाओं से हालत सुधरी तो ब्लैकमेल करके शोषण के साथ 42 हजार रुपये ऐंठे। पैसे न दे पाने पर युवती के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो अपने दोस्तों में वायरल कर दिए।
युवती की मां की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।
क्षेत्राधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि एक मोहल्ले में रहने वाली स्नातक पास युवती का दिसंबर 2015 में दिमागी संतुलन गड़बड़ा गया था।
माता-पिता उसे मानसिक रोग विशेषज्ञ के पास ले गए। आरोप है कि पड़ोसी राजवीर यादव नामक युवक ने झाड़फूंक कराने की सलाह दी।
घरेलू संबंध के चलते झांसे में आए परिवारीजन युवती को उसके बताए तांत्रिकों के पास ले गए और युुवती को राजवीर के साथ भी भेज देते थे।
उसने झाड़फूंक के बहाने युवती से दुष्कर्म के साथ अश्लील फोटो खींचे और क्लिप बना ली। हालत में सुधार न होने पर परिवारीजन ने केजीएमयू में इलाज कराया।
पांच महीने पहले युवती के स्वस्थ होने पर राजवीर ने फोटो व क्लिप दिखाकर ब्लैकमेल करके 42 हजार रुपये ऐंठे और शोषण करता रहा।
पैसों की मांग पूरी न कर पाने पर फोटो व क्लिप अपने दोस्तों के बीच वायरल कर दिए। बेटी को रोते देख मां ने उसका मोबाइल फोन खंगाला।
फोटो व क्लिप के साथ धमकी भरे मेसेज देखकर होश उड़ गए। हिम्मत जुटाकर चौक कोतवाली पहुंचे।
राजवीर के भेजे मेसेज दिखाते हुए क्षेत्राधिकारी को बताया कि उसने बेटी के वीडियो यूट्यूब व फेसबुक पर डालने के साथ फोटो के पोस्टर मोहल्ले में चस्पा कराने की धमकी दी है।
दंपती ने राजवीर के दोस्तों के भी नाम पुलिस को बताए। क्षेत्राधिकारी ने प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह को प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।