लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में नाबालिग ने छह साथियों की मदद से शनिवार शाम कोचिंग में पढ़ने गए 12वीं के दो छात्रों का अपहरण किया। नहर किनारे जंगल में ले जाकर हाथपैर बांधकर बेतहाशा पीटा। मरणासन्न हालत में दोनों को झाड़ियों में फेंककर हमलावर भाग निकले। दो छात्रों के अपहरण से हड़कंप मच गया।
पुलिस ने रात भर तलाश की, सुबह ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड ने कराहने की आवाज सुनी। दोनों को बंधन मुक्त करने के साथ थाने फोन किया। पुलिस ने नाबालिग के साथ उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया और अन्य की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने बताया कि वृंदावन कॉलोनी 2-सी निवासी 12वीं का छात्र सत्यम शुक्ला रोजाना की तरह शनिवार शाम 5 बजे कालिंदी पार्क के पास कोचिंग में पढ़ने गया था।
वहां से अपने दोस्त कुलदीप सिंह को कॉल करके बुलाया। कुछ देर बाद दोनों का अपहरण हो गया। दोनों के रात तक घर न लौटने से परेशान आवास विकास परिषद के कर्मचारी सत्यम के पिता उमेश चंद्र और कुलदीप के पिता लखन सिंह ने ने तलाश शुरू की। कोचिंग के आसपास से पता चला कि हैवतमऊ मवैया के कुछ लड़के दोनों छात्रों को ले जाते देखे गए हैं।
परिवारीजनों ने अपहरण का शक जताते हुए पुलिस को कॉल की। दो छात्रों के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने हैवतमऊ मवैया के विभिन्न स्थानों पर छापामारी के साथ संभावित स्थानों पर तलाश की। इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ रविवार तड़के थाने लौटे।