स्कूल फीस न देने पर नाबालिग ने की दादी की हत्या
मलिहाबाद। मलिहाबाद के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्कूल फीस न देने से नाराज 14 वर्षीय किशोर ने 70 वर्षीय दादी विद्यावती की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी। वारदात बुधवार रात की है। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब मृतका की बेटी ने बार-बार कॉल किया और जवाब न मिलने पर पड़ोसी को भेजा।
पुलिस ने मृतका की बेटी की तहरीर पर नाबालिग पोते और मृतका के देवर को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान किशोर ने हत्या की बात कबूल कर ली। इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि आरोपी शुरू में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में सच स्वीकार कर लिया।
इंस्पेक्टर के अनुसार, मृतका के बेटे का दस वर्ष पूर्व निधन हो गया था। बहू भी मायके चली गई थी। तब से विद्यावती अपने पोते के साथ रह रही थीं। घटना से दस दिन पहले किशोर अपने दादी के देवर के घर चला गया था और बुधवार रात लौटकर फीस की मांग करने लगा। दादी ने साथ रहने की शर्त पर फीस देने की बात कही। इससे किशोर आक्रोशित हो गया और दादी को जमीन पर धक्का दे दिया। इसके कुछ देर बाद दादी और पोता दोनों एक कमरे में सो गए थे। देर रात उठकर पोते ने तकिये से दादी का मुंह दबाकर हत्या कर दी।
वारदात अंजाम देकर किशोर गया स्कूल
रात भर किशोर अपनी दादी के साथ सोता रहा। खुद को फंसने से बचाने के लिए किशोर स्कूल चला गया। सुबह करीब आठ बजे वृद्धा की बेटी ने मां को कई बार कॉल की। फोन नहीं उठने पर बेटी को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसी को कॉल कर मां की जानकारी लेने के लिए भेजा। कुछ देर बाद पड़ोसी ने उन्हें कॉल कर वृद्धा के बेड पर पड़े होने की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को वृद्धा मृत मिली। उनके गले में चोट और खरोंच के निशान थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तकिये को कब्जे में ले लिया। मौके पर पर पहुंची वृद्धा की बेटी ने भतीजे और अपने चाचा पर मां की हत्या करने का आरोप लगाया।
पुलिस को बातों में उलझाता रहा
पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्कूल से वृद्धा के आरोपी पोते और उनके देवर को घर से हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी किशोर बातों में उलझाता रहा। शाम को हत्या करने की बात स्वीकार ली। मृतका के देवर से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।