लखनऊ। मोहनलालगंज में पिता की हत्या के आरोपी नाबालिग बेटे को पुलिस ने मंगलवार को पकड़ लिया। उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि पिता शराब पीने के बाद अक्सर मारपीट करते थे। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची थी।
एसीपी मोहनलालगंज विकास कुमार पांडेय के मुताबिक पुलिस की चार टीमें बाल अपचारी की तलाश में लगाई गई थीं। इस बीच सूचना मिली कि वह रायभान खेड़ा मोड़, खुजौली मार्ग के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। इस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग के पिता रामकरन रावत रोजाना शराब पीकर घर आते और परिवार से झगड़ा करते। बीच-बचाव करने पर नाबालिग और उसके छोटे भाई को भी पीटते थे। घर का राशन और अन्य सामान भी बेचकर शराब पी जाते थे। होली से पहले भी घर में विवाद हुआ था। इस कारण नाबालिग की मां नाराज होकर मायके चली गई थी।
सोमवार को भी शराब पीने पर नाबालिग का पिता से झगड़ा हो गया। वह पहले से पिता से नाराज था। क्षुब्ध होकर उसने पिता के सिर पर लाठी से कई वार कर दिए। हमले में रामकरन की मौत हो गई। एसीपी ने बताया कि हत्या में अन्य लोगों की भूमिका की छानबीन की जा रही है। अगर किसी और की संलिप्तता मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।