तुर्की, नीदरलैंड, ब्रिटेन, ग्रीस और यूएई में संसदीय प्रणाली की ‘स्टडी’ करने के बाद यूपी के मंत्री व विधायक मंगलवार को सुबह स्वदेश लौट रहे हैं।
मंत्रियों-विधायकों के इस दौरे को लेकर खड़े हुए विवादों और आरोपों पर सफाई देने के लिए कैबिनेट मंत्री आजम खां ने मंगलवार दोपहर अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस भी बुला ली है।
संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आजम खां की अगुवाई में प्रदेश के मंत्रियों व विधायकों का 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 8 जनवरी को पांच देशों के स्टडी टूर पर रवाना हुआ था।
14 दिन तक अध्ययन करने के बाद प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सवेरे दिल्ली वापस लौट रहा है। दिल्ली से प्रतिनिधिमंडल लखनऊ पहुंचेगा।
दोपहर 1.30 बजे आजम अपने आवास पर पूरे प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रेस कांफ्रेंस करके इस दौरे को लेकर खड़े हुए विवाद और आरोपों पर सफाई देंगे।
स्टडी टूर में आजम के अलावा खाद्य मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अंबिका चौधरी, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री शिवकुमार बेरिया समेत आठ मंत्री शामिल हैं।
भाजपा तथा राष्ट्रीय लोकदल के विधायक व विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार प्रतिनिधिमंडल सोमवार देर रात दुबई से भारत के लिए रवाना होगा और सुबह दिल्ली पहुंचेगा उसके बाद लखनऊ।