निगोहां। बागवानी, कृषि विपणन विभाग के राज्य मंत्री दिनेश सिंह के छोटे भाई और रायबरेली के हरचंदपुर से पूर्व विधायक राकेश सिंह से जमीन के नाम पर 98.90 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। उन्होंने निगोहां थाने में दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुशांत गोल्फ सिटी निवासी राकेश सिंह का आरोप है कि निगोहां के विकास तिवारी, पूर्व प्रधान अशोक तिवारी और दो अन्य लोगों ने निगोहां टोल प्लाजा के पास सात बीघा जमीन खरीदकर प्लॉटिंग कराए जाने की बात कही थी। आरोपियों के कहने पर वह दो करोड़ रुपये में जमीन खरीदने के लिए राजी हो गए। आधी रकम पहले और बाकी रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई। उन्होंने 14 नवंबर 2024 को न्यू लखनऊ इंटरप्राइजेज के बैंक खाते में 25 लाख रुपये ऑनलाइन भेजे। वहीं, 75 लाख रुपये अलग-अलग तारीखों पर नकद दिए।
एक करोड़ रुपये देने के बाद राकेश सिंह ने रजिस्ट्री के लिए कहा। जांच में पता चला कि आरोपियों के दिए गए जमीन के कागजात फर्जी थे। आरोपियों ने गलती मानकर रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। उन्होंने 24500 रुपये की ईंट और 85 हजार रुपये वापस किए, पर बाकी बचे 98.90 लाख रुपये नहीं लौटाए। एसओ निगोहां अनुज चौधरी ने बताया कि जांच की जा रही है।