मिट्टी खनन व जमीनों के अवैध कारोबार से धन अर्जित करने वाले एक खनन माफिया, भू माफिया, तस्कर व शातिर बदमाश की करीब तीन करोड़ की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। एसपी डॉ अरविंद चतुर्वेदी की रिपोर्ट पर डीएम डॉ आदर्श सिंह ने यह आदेश जारी किया है। जब्त की गई संपत्ति तहसील प्रशासन के हवाले की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अन्य माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भूहेरा निवासी विनोद यादव को पुलिस ने अवैध खनन के कारोबार के आरोप में गिरफ्तार कर तीन माह पहले जेल भेजा था। पुलिस ने इसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की है। पुलिस ने विनोद यादव की तकरीबन सवा दो करोड़ रुपये की संपति को कुर्क कर दिया गया है। डीएम डॉ आदर्श सिंह ने यह कार्रवाई एसपी डॉ अरविंद कुमार चतुर्वेदी की रिपोर्ट पर की है। कुर्क घर आबादी की जमीन पर बनाया गया है। इसकी कीमत 60 लाख रुपये आंकी गई है। कुर्क घर का प्रशासक तहसीलदार सदर को बनाया गया है। विनोद यादव के पास डेढ़ करोड़ कीमत के चार डम्पर व दो जेसीबी कुर्क की है। इनका प्रशासक एआरटीओ को बनाया गया है। विनोद का नाम पिछले आठ वर्ष अवैध मिट्टी खनन के लिए काफी प्रचलित रहा है। पुलिस का आरोप है कि विनोद ने अपने गैंग के सदस्यों की मदद से अवैध रूप से मिट्टी के खनन का कार्य कर अकूत संपति बनाई।
शातिर बदमाश की कार व तस्कर का घर कुर्क
जिला पुलिस की रिपोर्ट पर डीएम ने गैंगस्टर के प्राविधान 14(1)के तहत हैदरगढ़ इलाके के मोहल्ला भटखेरा के निवासी शातिर बदमाश सोनू उर्फ मृत्युंजय अवस्थी पर कार्रवाई की है। पुलिस का आरोप है कि सोनू द्वारा करीब एक साल पहले हैदरगढ़ से कैसरबाग के लिए लौट रहे एक सर्राफा व्यापारी को रोडवेज की बस से उतारकर हत्या के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके नाम दर्ज रहीं र्स्कापियो को कुर्क करने की कार्रवाई पुलिस द्वारा की गई है। वहीं रामसनेहीघाट कोतवाली इलाके के कोटवासड़क के गैंगस्टर जय प्रकाश पाठक का 30 लाख कीमत का घर कुर्क हुआ है। इस घर को कुर्क कर तहसीलदार को प्रशासक बनाया गया है।
दो भू माफिया की 78 लाख की संपत्ति जब्त
दूसरों की जमीनों को जालसाजी से बेंचकर धन एकत्र करने वाले दो भूमाफिया की 78 लाख कीमत की भूमि,घर व वाहनों को जब्त कर लिया गया है। गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई डीएम ने पुलिस की रिपोर्ट पर की है। यह भूमाफिया सतरिख थाना के ग्राम बेलझरिया निवासी रमेश चंद्र व फूलचंद्र यादव है। इन पर आरोप है कि सस्ती जमीन दिलाने के बहाने दूसरों के साथ ठगी की गई। ग्राम बेलझरिया के फूलचंद्र यादव्र द्वारा खरीदे गए ट्रक ब्रेजा कार व बाइक को जब्त कर इसका प्रशासक एआरटीओ प्रशासन को बनाया गया है।
आठ साल में विनोद ने बना ली करोड़ों की हैसियत
पुलिस रिपोर्ट की माने तो विनोद यादव ने बीते आठ साल में करोड़ों की हैसियत बना ली है। बताया गया है कि विनोद की अवैध खनन की जड़ें काफी गहरी है। वह इस काम में राजनीतिक संरक्षण के साथ पुलिस व प्रशासनिक लोगों की भी मदद लेता रहा है। यह मिट्टी खनन की अनुमति किसी एक नंबर पर लेता है और उसको छोड़कर आसपास के नंबरों पर अवैध खनन करता है। कई किसानों ने भी विनोद के खिलाफ मिट्टी चोरी लगाया था।
एसपी डॉ अरविंद चतुर्वेदी ने कहा कि खनन, भू माफिया, तस्कर व शातिर बदमाश की करीब तीन करोड़ की संपत्ति जब्त करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी गई थी। इस पर डीएम ने संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी कर दिया है। अन्य माफिया जो अवैध कमाई से अकूत संपत्ति बनाए है उनको चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।