प्रदेश के चार लाख रसोइयों को अब मानदेय 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये मिलेगा। ये रकम सीधे उनके खाते में जाएगी। इसके लिए सभी रसोइयों का बैंक खाता खुलवाया जाएगा। इसके अलावा गर्म बर्तन उठाने के लिए ग्लब्स और खाना पकाते समय कपड़ों को गंदा होने से बचाने के लिए एप्रेन भी रसोइयों को दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मानदेय सहित अन्य सुविधाएं बढ़ाने की घोषणा की। हालांकि मात्र 500 रुपये बढ़ाने का सभागार में मौजूद रसोइयों ने खड़े होकर विरोध दर्ज कराया जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह रसोइयों को शांत कराया जा सका।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रसोइयों को होने वाली दिक्कतों को सरकार समझती है। इसलिए मानदेय बढ़ाने केसाथ ही एप्रेन और ग्लब्स भी रसोइयों को दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रसोइयों का प्रत्येक सत्र में दोबारा चयन होता है। इसमें बहुत दिक्कतें आती है।
इसलिए इस बार नए सत्र में संतोषजनक कार्य करने वाले रसोइयों का नवीनीकरण किया जाएगा। चयन के लिए विज्ञापन की प्रक्रिया नहीं की जाएगी। इससे रसोइयों को प्रधान व अन्य लोगों के पास सिफारिश के लिए दौड़ना नहीं पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 168832 प्राथमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में 1.76 करोड़ छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। इन बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक विकास के लिए उत्तम भोजन देने की मिड डे मील बहुत बड़ी योजना है।
इस योजना में मां समूह बनाकर इसके महत्व को और बढ़ा दिया गया है। इससे पीछे की भावना है कि जो भी भोजन बने वह उत्तम बने। इसलिए मां समूह अपनी जिम्मेदारी निभाएं।