मेट्रो आज शुरू करेगा ईवी बाइक सेवा मायदीदी
लखनऊ। महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देने के लिए यूपी मेट्रो शुक्रवार को शहर की पहली महिला-विशेष ईवी बाइक सेवा ‘मायदीदी’ शुरू करने जा रहा है। इस सेवा की खासियत यह है कि इसमें बाइक चलाने वाली और यात्रा करने वाली दोनों महिलाएं ही होंगी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू की जा रही यह पहल महिलाओं को सुरक्षित और किफायती लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी।
यूपी मेट्रो के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘मायदीदी’ एक मेट्रो फीडर सेवा है, जिसे शुरुआती चरण में चार मेट्रो स्टेशनों से संचालित किया जाएगा। महिलाएं इन स्टेशनों से पांच किलोमीटर तक की दूरी के लिए मात्र 15 रुपये में यात्रा कर सकेंगी। सेवा का शुभारंभ शुक्रवार को यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन से करेंगे। 13 जून तक यह सेवा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। शुभारंभ के दिन सेवा का उपयोग करने वाली पहली 10 महिला यात्रियों को विशेष उपहार भी दिए जाएंगे।