अब जल्द ही आकार लेने लगेंगे मेट्रो स्टेशन। चारबाग को छोड़ आठ में से सात स्टेशनों के डिजाइन को लखनऊ मेट्रो रेल कॉरर्पोरेशन ने अनुमोदित कर दिया है। सबसे पहले इसके लिए जमीन फ्रीज करने का काम सोमवार से होगा। वहीं चंदरनगर गेट के पास एलएमआरसी ने बेरीकेडिंग लगाने का काम शुरू कर दिया है।
इसके अलावा रोलिंग स्टॉक के लिए एजेंसी और जनरल कंसल्टेंट चुनने के लिए 1100 करोड़ से भी अधिक के टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। एलएमआरसी अफसरों ने बुधवार दोपहर आयोजित प्रेस वार्ता में ने बताया कि इसके लिए प्लान तैयार कर लिया गया है।
स्टेशन के दायरे में आने वाली जमीनों के लिए संबंधित सरकारी विभागों को पत्र लिख दिया गया है। वहीं निजी जमीनों के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। प्राइमरी रूट पर टीपी नगर से चारबाग तक मेट्रो के आठ स्टेशन तय हैं। इनमें से चारबाग छोड़ बाकी सभी स्टेशनों का खाका तैयार हो गया है। फ्रांसीसी कंपनी सियेस्ट्रा ने इनके ले आउट का बुधवार को प्रेजेंटेशन किया।