अब राजधानी में गंदगी करने वालों का अब मोबाइल से होगा चालान
नगर निगम प्रशासन अब गंदगी करने वालों का मोबाइल से चालान करेगा। यही नहीं, नई व्यवस्था में अब सफाई सुपरवाइजर तक गंदगी करने वालों का चालान काट सकेंगे।
अभी तक सिर्फ सफाई एवं खाद्य निरीक्षक ही चालान काट रहे थे। नई व्यवस्था लखनऊ 311 एप के जरिए स्मार्ट सिटी के दफ्तर से संचालित होगी। इसे लेकर शनिवार को स्मार्ट सिटी के कार्यालय में नगर निगम के सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को ट्रेनिंग भी दी गई।
नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने बताया कि स्मार्ट सिटी के मोबाइल ऐप लखनऊ 311 के जरिए अब रोड, नाली, फुटपाथ आदि पर गंदगी करने वाले दुकानदारों, स्ट्रीट वेंडर एवं भवन स्वामियों को एम-चालान के माध्यम से एसएमएस भेजकर राशि जमा कराई जाएगी।
इसकी सूचना नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित जोनल अधिकारी के मोबाइल फोन पर भी जाएगी। अगले चरण में विस्तार करते हुए इसको अभियंत्रण विभाग में मलवा चार्ज एवं प्रवर्तन विभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रकार के दंड शुल्क भी एम चालान के जरिए जमा कराए जाएंगे।