पुनर्वास विवि : बीएएसएलपी में प्रवेश को 94.2% तक की मेरिट
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। कोरोना संक्रमण काल में स्टूडेंट्स ने स्थानीय शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता दी है। इससे एक तरफ जहां यूनिवर्सिटी-कॉलेज में काफी संख्या में आए प्रवेश आवेदन ने उनको बड़ी राहत दी है। वहीं, एवरेज स्टूडेंट्स के एडमिशन के लिए मशक्कत भी बढ़ा दी है। इसकी बानगी डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में देखी जा सकती है, जहां दो प्रोफेशनल कोर्सों में प्रवेश के लिए जारी पहली मेरिट में 94.25% वाले स्टूडेंट्स भी शामिल हैं।
विश्वविद्यालय ने एक दिन देरी से मंगलवार को बीपीओ व बीएएसएलपी कोर्स की एडमिशन मेरिट जारी की है। इसमें बीएएसएलपी कोर्स में प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग की मेरिट में इंटर में 94.25% से लेकर 90, 89 व 88% तक के स्टूडेंट्स शामिल हो पाए हैं। जबकि ओबीसी में मेरिट 86.4% से 84.4% तक गई है। दिव्यांग स्टूडेंट्स की 75.2% तक है।
वहीं, बीपीओ में भी सामान्य वर्ग की मेरिट में 92.6% वाले स्टूडेंट्स शामिल हैं। मेरिट में 80.2%, 80% से लेकर 75% वाले स्टूडेंट्स शामिल हैं, जबकि ओबीसी में यह 63% तक गई है। दिव्यांग स्टूडेंट्स के इस कोर्स में आवेदन नहीं आए हैं। ऐसे में यहां प्रवेश की उम्मीद लगाए कम मेरिट के स्टूडेंट्स को बड़ा झटका लग सकता है।
बीएएसएलपी मेरिट के स्टूडेंट्स को 03 अक्तूबर तक विवि में ऑफलाइन लाइन काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना है। जबकि बीपीओ के स्टूडेंट्स को 05 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। विद्यार्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेज के साथ फीस लाने को कहा गया है।