लखनऊ। विभूतिखंड में मंगलवार को ओमेक्स हाइट्स अपार्टमेंट परिसर में बने इसकटिया टावर में मर्चेंट नेवी के कैप्टन प्रत्यूष कुमार यादव (50) ने अपने फ्लैट में फंदा लगा लिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। आत्महत्या की वजह नहीं पता चल सकी है।
पुलिस के मुताबिक प्रत्यूष अपने दो बेटों के साथ इसी फ्लैट में रहते थे। प्रत्यूष का उनकी पत्नी जूही यादव से विवाद चल रहा है। पत्नी अलग रहती हैं। उन्हें भी घटना की जानकारी दी गई है।
प्रत्यूष मास्क लाइन प्राइवेट कंपनी में मर्चेंट नेवी के कैप्टन थे। वह छोटे बेटे जयेश के साथ टॉवर संख्या पांच में फ्लैट नंबर 1101 में रहते थे। मंगलवार शाम जयेश गोमतीनगर स्थित पत्रकारपुरम में कोचिंग गए थे। घर पर प्रत्यूष थे। उनके बड़े बेटे प्रकर्ष ने पिता को कॉल की थी। फोन न उठाने पर छोटे भाई जयेश को सूचना दी।
शाम करीब छह बजे जयेश फ्लैट पर पहुंचे तो पिता का बेडरूम अंदर से बंद मिला। चाबी से दरवाजा खोला तो कमरे में प्रत्यूष पंखे से पानी की पाइप के सहारे लटके हुए थे। घटना की जानकारी नौकरानी शिखा यादव को दी। जयेश ने कैंची से पाइप काटकर पिता को उतारा और सीपीआर दी, पर कोई हलचल नहीं हुई। सूचना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
जयेश ने बताया कि पिता नौ मार्च को छुट्टी पर आए थे। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक उनका मोबाइल कब्जे में लिया गया है। जयेश भी कुछ बता नहीं सके हैं। न तो तहरीर दी है और न किसी पर आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।