केंद्र सरकार की सौभाग्य योजना के तहत कराए गए कार्यों की जांच होगी। सांसद मेनका गांधी की अपेक्षा पर अधीक्षण अभियंता ने संबंधित कंपनी की ओर से कराए गए सौभाग्य योजना के कार्यों की जांच कराने का निर्देश दिया है। कंपनी पर कार्य कराने में गड़बड़ी का आरोप लगा है। जांच के निर्देश के बाद कंपनी सकते में आ गई है।
केंद्र सरकार की ओर से गरीबों को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन देने के लिए शुरू की गई सौभाग्य योजना के तहत कराए गए कार्य में पहले से ही गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही थी। 2018 से योजना के तहत शुरू कराए गए कार्य को कंपनी ने कागजों में पूरा कर लिया लेकिन धरातल पर अधिकांश कार्य लंबित रह गए।
पिछले दिनों कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भुलकी गांव में बिजली की तार की चपेट में आने से हुई अशोक कुमार दंपती की मौत के बाद शनिवार को सांसद मेनका गांधी शोक संवेदना जताने उनके घर पहुंचीं। सांसद के भुलकी गांव पहुंचते ही सौभाग्य योजना के तहत जिले में कराए गए कार्य में गड़बड़ी किए जाने की शिकायतें होने लगी।