मोहनलालगंज। रंजीतखेड़ा पुलिया के पास रविवार को शराब के सेल्समैन उन्नाव के असीवन निवासी दुर्गा प्रसाद ने गुज्जर गिरोह के सदस्यों पर उन्हें पीटने का आरोप लगाया है। मोहनलालगंज पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दर्ज एफआईआर के जरिये दुर्गा प्रसाद ने बताया कि वह मोहनलालगंज के कनकहा में शराब की दुकान में सेल्समैन हैं। शनिवार रात करीब 9:30 बजे शराब खरीदने के दौरान कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ था। आरोप है कि रविवार सुबह करीब 11 बजे रंजीतखेड़ा पुलिया के पास गुज्जर गिरोह के धर्मराज, करन, सूरज, टिड्डा व दो अज्ञात लोगों ने घेर कर उनकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान उनकी सोने की अंगूठी और 18 हजार रुपये भी कहीं गिर गए। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।