विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के सभी नवनिर्वाचित ३६ सदस्यों में से ३५ को बुधवार को सदन के मंडप में सभापति ओमप्रकाश शर्मा ने सदस्यता के साथ पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बनारस से चुने गए बृजेश सिंह उर्फ अरुण की शपथ बाद में होगी। शपथ ग्रहण के दौरान नए सदस्य काफी उत्साह में दिखे। कई तो वेल में आ गए तो कुछ शपथ से पहले से सदन की बेंचों पर आकर बैठने लगे।
मार्शल और वरिष्ठ सदस्यों के समझाने पर ये वेल से बाहर लॉबी में गए। फिर एक-एक करके शपथ लेने के बाद अपने लिए निर्धारित स्थानों पर जाकर बैठे। छह ने सत्यनिष्ठा और बाकी २९ ने ईश्वर की शपथ ली।
शपथ लेने वालों में दो महिला सदस्य रामलली और रमानिरंजन भी शामिल हैं। रामलली और दिलीप सिंह ने सभापति की मदद से पूरी शपथ दोहराकर पूरी की। बाद में सदन की कार्यवाही स्थगित होने पर नवनिर्वाचित सदस्यों में मुख्यमंत्री के पैर छूने की होड़ लग गई।
सदन और भवन देखने की उत्सुकता
सदन का एक दृश्य
- फोटो : amar ujala
सभापति, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष सहित सभी दलीय नेताओं ने नए सदस्यों का सदन में स्वागत किया और सहयोग का आश्वासन दिया।
पहली बार निर्वाचित होकर आए सदस्य सदन और विधानभवन के बारे में जानने के लिए काफी उत्सुक नजर आए। सदन की कार्यवाही समझने में भी इनकी उत्सुकता दिखी।
'पक्षियों के प्रेमी मुख्यमंत्री 'प्रतिपक्षियों' से भी कुछ प्रेम करें
मुख्यमंत्री सहित सभी ने भाषण में एक-दूसरे की दिलचस्प तरीके से चुटकी ली।
भाजपा के नेता हृदयनारायण दीक्षित ने सत्तापक्ष की तरफ इशारा करते हुए चुटकी ली, 'मुख्यमंत्रीजी को काफी 'पक्षी' प्रेम है। कुछ प्रेम 'प्रतिपक्षियों' से करने लगें तो आनंद आ जाएगा। इस पर खूब ठहाके लगे। मुख्यमंत्री भी हंस दिए।
इन सदस्यों ने ली शपथ
शपथ ग्रहण के दौरान मौजूद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
- फोटो : amar ujala
मुरादाबाद-बिजनौर से परवेज अली, रामपुर-बरेली से घनश्याम सिंह लोध, बदायूं से बनवारी सिंह यादव,पीलीभीत-शाहजहांपुर से अमित यादव, हरदोई से मिरबाहुद्दीन, लखीमपुर खीरी से शशांक यादव, सीतापुर से आनंद भदौरिया, लखनऊ-उन्नाव से सुनील कुमार, रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह, प्रतापगढ़ से अक्षय प्रताप सिंह, सुल्तानपुर से शैलेंद्र प्रताप सिंह, बाराबंकी से राजेश कुमार यादव, बहराइच से मोहम्मद इमलाक खां, गोंडा से महफूजुर्रहमान उर्फ महफूज खां, फैजाबाद से हीरालाल यादव, बस्ती-सिद्धार्थनगर से संतोष यादव 'सनी', गोरखपुर-महराजगंज से सीपी चंद।
वहीं, देवरिया से रामअवध यादव, आजमगढ़-मऊ से राकेश कुमार यादव उर्फ गुड्डू, बलिया से रविशंकर सिंह 'पप्पू भैया, गाजीपुर से विशाल सिंह 'चंचल', जौनपुर से बृजेश कुमार सिंह 'प्रिंसू', मिर्जापुर-सोनभद्र से रामलली, इलाहाबाद से बासुदेव, बांदा-हमीरपुर से रमेश, झांसी-जालौन-ललितपुर से रमा निरंजन, कानपुर-फतेहपुर से दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव, इटावा-फर्रुखाबाद से पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी जैन, आगरा-फीरोजाबाद से दिलीप यादव, मथुरा-एटा-मैनपुरी से अरविंद प्रताप, मथुरा-एटा-मैनपुरी से उदयवीर सिंह, अलीगढ़ से जसवंत सिंह, बुलंदशहर से नरेंद्र सिंह भाटी, मेरठ-गाजियाबाद से राकेश यादव और मुजफ्फरनगर-सहारनपुर से महमूद अली।
ये पहले भी रहे सदस्य : कांग्रेस के दिनेश प्रताप सिंह, सपा के बनवारी सिंह यादव, अक्षय प्रताप, रविशंकर सिंह पप्पू, महफूजुर्रहमान उर्फ महफूज खां, शैलेंद्र प्रताप।