अलीगंज राजकीय आईटीआई में 13 और 14 अक्तूबर को मेगा रोजगार मेला
लखनऊ। आईटीआई पास युवाओं के लिए खुशखबरी है। राजधानी के अलीगंज स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में 13 और 14 अक्तूबर को मेगा रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में युवाओं को 37 हजार रुपये मासिक वेतन तक पर नौकरी का अवसर मिलेगा।
संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि हरियाणा की मारुति कंपनी में टेक्नीशियन के लगभग 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए कंपनी की ओर से आईटीआई परिसर में विशेष भर्ती कैंप लगाया जाएगा। इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक, कोपा, इलेक्ट्रॉनिक, डीजल मैकेनिक तथा अन्य व्यावसायिक कोर्स के प्रशिक्षित उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
कंपनी के मानकों के अनुसार, उम्मीदवार की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसके पास दो वर्ष का आईटीआई प्रशिक्षण के साथ सामान्य ज्ञान की जानकारी होना जरूरी है। प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि राजधानी सहित प्रदेश के किसी भी आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवा इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 13 और 14 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से अलीगंज आईटीआई पहुंचकर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।