राजधानी में हजरतगंज में रहकर तैयारी करने वाली वैशाली सिंह ने सीपीएमटी में ओवरऑल 4 रैंक हासिल की है और लड़कियों की मेरिट में वह टॉप पर हैं। उसने अपनी पूरी तैयारी लखनऊ में रहकर की है। वैशाली ने यह सीपीएमटी में यह सफलता अपने चौथे प्रयास में हासिल की है।
वैशाली मूल रूप से हमीरपुर की रहने वाली हैं। इनके पिता केएल राजपूत छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग में इंजीनियर हैं। वैशाली ने हाईस्कूल मध्यप्रदेश से किया। इसके बाद वह आंध्र प्रदेश से इंटरमीडिएट की पढ़ाई करने चली गईं।
यहां पर विकास विद्या निकेतन से उन्होंने इंटरमीडिएट में सीबीएसई बोर्ड में 70 प्रतिशत अंक हासिल किए। आंध्रप्रदेश जाने का फैसला इसलिए वैशाली ने किया क्योंकि वहां पर पढ़ाई करवाने का पैटर्न अच्छा है। साउथ इंडियन प्रतियोगी परीक्षा में अच्छी रैंक लाते हैं यह बात उनके दिमाग में बचपन से थी।
ऐसे में इन्होंने साउथ में जाकर इंटर करने का निर्णय किया तो पिता केएल राजपूत व मां बरनाली सिंह ने पूरा सपोर्ट किया। वैशाली कहती हैं कि उन्होंने हमेशा गलतियों से सीखा और इसे कभी छिपाने की कोशिश नहीं की। धैर्य व आत्मविश्वास कभी भी कमजोर नहीं होने दिया।