उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सा शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए जल्द ही चिकित्सा शिक्षा भर्ती बोर्ड बनाया जाएगा। इसके जरिए चिकित्सा शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। दरअसल लोक सेवा आयोग से चिकित्सा शिक्षकों की भर्ती में काफी समय लगता है।
नवनियुक्त महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. केके गुप्ता ने ‘अमर उजाला’ से विशेष बातचीत में बताया कि इस समय मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों के 21 फीसदी पद रिक्त हैं।
प्रोफेसर के कुल 348 सृजित पदों में 246 ही भरे हुए हैं। इनमें भी 134 पदों पर संविदा प्रोफेसर काम कर रहे हैं। एसोसिएट प्रोफेसरों के कुल 491 पदों में से 216 पद यानी 43 फीसदी पद खाली हैं। 275 पद ही भरे हुए हैं। इनमें भी 137 ही नियमित एसोसिएट प्रोफेसर हैं। लेक्चरर के भी 5 फीसदी पद खाली हैं।
मेडिकल कॉलेजों में शुरू होगी ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा
दूसरी बार महानिदेशक बने डॉ. केके गुप्ता ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को सभी प्रकार की जांचों की व्यवस्था की जाएगी।
जो जांचें मेडिकल कॉलेज में संभव नहीं हैं, वे पीपीपी मोड में सस्ते में कराई जाएंगी। मेडिकल कॉलेजों में ई-अस्पताल योजना लागू की जाएगी। सभी मेडिकल कॉलेजों में ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिलेगी। इससे घर बैठे पंजीकरण कराया जा सकेगा। मेडिकल कॉलेजों में डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।