लखनऊ। नगराम सीएचसी के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को छापा मारा। जांच में पता चला कि मेडिकल स्टोर संचालक के पास लाइसेंस नहीं है। इस पर 50 हजार रुपये की दवाएं जब्त कर स्टोर सील कर दिया गया। जांच के लिए पांच दवाइयों के नमूने भी लिए गए हैं।
औषधि निरीक्षक संदेश मौर्य ने बताया कि आईजीआरएस पर मिली शिकायत पर संज्ञान लेकर लक्खा मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। मौके पर मिले मेडिकल स्टोर के मालिक शाहमोहम्मदपुर गांव के प्रेम शंकर लाइसेंस नहीं दिखा सके। इस पर टीम ने तुरंत मेडिकल स्टोर सील कर दिया। मामले में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत वाद भी दायर किया जाएगा।