लखनऊ। गोमतीनगर के विनय खंड-3 में बुधवार रात हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गाजीपुर इलाके के खुर्रमनगर निवासी एमबीए के छात्र मन्नत सिंह (25) की मौत हो गई। उनके घरवालों और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
रायबरेली के सिंधी कॉलोनी निवासी सतपाल ने बताया कि बेटा मन्नत बीबीडी इंस्टीट्यूट से पढ़ाई कर रहा था। बुधवार रात वह दोस्त वैभव बाजपेई के किराये के घर पर सामान व्यवस्थित कराने विनय खंड-3 अपने गया था। रात करीब 11 बजे वह पर्दे की रॉड लगा रहा था। इस दौरान रॉड खिड़की के बाहर करीब एक मीटर दूर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई, जिससे मन्नत गंभीर रूप से झुलस गया। दोस्त और पड़ोसियों ने आनन-फानन उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मन्नत के परिवार में पिता के अलावा मां डिंपल भी हैं।
कई बार शिकायत पर भी सोता रहा विभाग
घरवालों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईटेंशन लाइन उनके घर के पास से गुजरी है। कई बार बिजली विभाग से इसे दूर करने के लिए कहा गया, लेकिन कुछ नहीं हुआ।