लविवि ने जारी की एमबीए की आवंटन सूची, 17 तक जमा करनी है फीस
लखनऊ विश्वविद्यालय ने शनिवार को प्रबंधन के परास्नातक पाठ्यक्रमों की आवंटन सूची जारी कर दी। जैसी आशंका थी, सूची जारी होने के बाद एमबीए के कुछ पाठ्यक्रमों पर ताला लगने का संकट मंडराने लगा है। लविवि ने सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को फीस जमा करने के लिए 17 जुलाई तक का समय दिया है। सीट खाली रहने की आशंका को देखते हुए लविवि विकल्प भरने का एक और मौका देने पर विचार कर रहा है। माना जा रहा है कि लविवि अब तक काउंसलिंग में शामिल न हुए अभ्यर्थियों को 19 जुलाई से विकल्प भरने का मौका देगा।
विवि में पुराने परिसर में संचालित लखनऊ यूनिवर्विटी मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (लुंबा) में संचालित एमबीए रेग्युलर और एमबीए सेल्फ फाइनेंस की सभी 60-60 सीटों पर आवंटन हो चुका है। नये परिसर में आईएमएस में संचालित ज्यादातर एमबीए कोर्सेज में सीटों से कम आवंटन हुए हैं। विवि के नये नियमों के अनुसार 60 फीसदी सीटें न भरने पर उस पाठ्यक्रम पर ताला लगा दिया जाता है। फिलहाल एक पाठ्यक्रम इसकी जद में है। फीस जमा न कर पाने पर बाकी में भी यह स्थिति बन सकती है।
एमपीएड की सीटें भरीं, बीपीएड में रह गईं 30 खाली
लविवि में शनिवार को एमपीएड और बीपीएड की काउंसलिंग भी हुई। काउंसलिंग के बाद एमपीएड की सभी सीट भर गईं। जबकि बीपीएड में अभी भी 30 सीटें खाली बच गई हैं। इनपर दाखिले के लिए विवि ने कोई फैसला नहीं किया है।
पाठ्यक्रम सीटें आवंटन
एमबीए 60 60
एमबीए सेल्फ फाइनेंस 60 60
एमबीए एचआर 120 99
एमबीए फाइनेंस 120 114
एमबीए आईबी 60 30
एमबीए मार्केटिंग 60 60
एमटीटीएम 60 46