एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम ने जांचीं रनवे की लाइटें
लखनऊ। अमौसी एयरपोर्ट पर रनवे की लाइटों में आ रही दिक्कतों की शिकायतों के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एनएनएन राव की टीम जांच-पड़ताल के लिए दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची थी। टीम ने यात्री सुविधाओं को भी परखा और एयरपोर्ट प्रशासन को यात्री सुविधाओं व सुरक्षा में कोताही न बरतने की ताकीद की।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पिछले करीब एक हफ्ते से रनवे की लाइटों में समस्या पैदा हो रही है, जिसकी वजह से विमानों की लैंडिंग व टेकऑफ में समस्याएं आ रही थी। इससे फ्लाइटों की लेटलतीफी भी बढ़ रही थी। मामला दिल्ली तक पहुंच गया और एएआई को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी के उत्तरी क्षेत्र के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एमएनएन राव सहित तीन अधिकारियों की टीम को लखनऊ भेजा गया। जो अपने दो दिवसीय दौरे पर जांच-पड़ताल तक शनिवार सुबह लौट गए। रनवे की लाइटों को बारीकियों से जांचा-परखा गया और विमानों की लैंडिंग व टेकऑफ के दौरान इसकी फंक्शनिंग देखी गई। इतना ही नहीं अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सुरक्षा पहली प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन केकार्यों पर उन्होंने प्रसन्नता भी जताई। उन्होंने एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल टी-थ्री सहित हैंगर, रनवे विस्तार, फायर फाइटिंग सिस्टम के बारे में भी अधिकारियों से जानकारियां लीं।