फैजाबाद में आयोजित जनसभा में मायावती का भाषण सोशल इंजीनियरिंग पर तो आधारित था ही, साथ ही उन्होने मोदी को पीएम बनने से रोकने के लिए भी चर्चा की।
विज्ञापन
मायावती ने सोशल इंजीनियरिंग सिखाते हुए कहा कि बसपा के वोट बैंक के साथ यदि एक मुश्त मुसलमान जुड़ जाएं तो नरेंद्र मोदी का सपना टूट जाएगा। बसपा केंद्र में बैलेंस ऑफ पावर बनेगी।
दलितों को आगाह किया कि भाजपा, कांग्रेस व सपा से बड़ा उनका दुश्मन कोई नहीं है, ये पार्टियां सत्ता में आते ही अनुसूचित जाति-जनजाति आरक्षण कोटे में दूसरी तमाम जातियों को जोड़ नुकसान पहुंचाती है। इनके बहकावे में कदापि न आएं।
विज्ञापन
शहर के जीआईसी मैदान में फैजाबाद से बसपा प्रत्याशी जितेंद्र कुमार सिंह बबलू व अंबेडकरनगर के प्रत्याशी राकेश पांडेय के समर्थन में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने मोदी का भय दिखाते हुए मुसलमानों से कहा कि गलती से भी यदि नरेंद्र मोदी पीएम बन गए तो देश बर्बाद हो जाएगा।
भाजपा का प्रचार झूठा
मायावती ने कहा कि मोदी को रोकने के लिए जरूरी है कि कांग्रेस व सपा को समर्थन देने या उनके बीच बटने के बजाय एकजुट होकर बसपा को वोट दीजिए।
कहा कि भाजपा के लोग झूठा प्रचार व दावा करते हैं कि मोदी के पीएम बनने पर देश की हालत सुधर जाएगी। जबकि पहले भी छह वर्ष भाजपा की सरकार रही, तब देश की हालत क्यों नहीं सुधरी?
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने विरोधी पार्टियों पर हमला बोलते हुए कहा कि ये सभी साम, दाम, दंड, अपनाकर गुमराह करने में लगी हैं।
हमें इनकी साजिशों से सावधान रहने की जरूरत है तभी बसपा केंद्र में बैलेंस ऑफ पावर की हैसियत में होगी।
मीडिया का प्रचार हवाई
उन्होंने मीडिया के हवाई प्रचार और ज्योतिषियों की भविष्यवाणी पर ध्यान नहीं देने का आह्वान किया।
फैजाबाद और अंबेडकरनगर के मुस्लिम समाज से आह्वान करते हुए कहा कि यदि उनका वोट थोड़ा-थोड़ा सपा कांग्रेस और बसपा को गया तो इसका फायदा बीजेपी को हो जाएगा। इसलिए एकजुट होकर बसपा को ही वोट करना होगा।
कहा कि बीजेपी प्रत्याशी को हराना है तो बीएसपी के उम्मीदवार को वोट दीजिए। सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज नहीं रह गया है बल्कि माफिया और भ्रष्टाचारी तत्व प्रभावी हो गए है जिसके कारण अपहरण, हत्या, डकैती, बलात्कार और दंगे जैसी घटनाएं आम हो गई है।
उन्होंने कहा कि विरोधी पार्टियां पूंजीपतियों से धन लेकर चुनाव प्रचार कर रही है। यदि ये सत्ता में आ गए तो पूंजीपतियों के दबाव में काम करेंगे जबकि बसपा किसी धन्नासेठ से आर्थिक सहयोग लेने के बजाय कार्यकर्ताओं से मदद लेती है।
ब्राह्मण समाज को पुचकारते हुए मायावती ने कहा कि उन्होंने 21 ब्राह्मणों को टिकट दिया है, जबकि मुरली मनोहर जोशी और कलराज मिश्र के साथ जो कुछ हुआ, उससे यही पता चलता है कि भाजपा में ब्राह्मणों की अवहेलना हो रही है।
उन्होंने सपा प्रत्याशी मित्रसेन यादव का नाम लेते हुए कहा कि उनका बेटा मंत्री था, लेकिन एक दलित लड़की के बारे में उसके कृत्यों का पता चला तो मंत्रीपद तो गया ही, मैंने उसे जेल भी भिजवा दिया।
उन्होंने कहा कि यहां पर यादव सामंतवाद कायम है, जिसका मुंहतोड़ जवाब हमारा प्रत्याशी देने में सक्षण है, इसीलिए उसे टिकट दिया। इसलिए बबलू को प्रत्याशी बनाया गया है।
जनसभा में राज्यसभा सदस्य जुगुल किशोर, एमएलसी मनोज कुमार सिंह गुड्डू, इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, फिरोज खां गब्बर, वेदप्रकाश गुप्ता, विवेक पांडेय, धर्मेंद्र सिंह काजू, हाजी गुफरान हैदर, अजीत सिंह, मनोज पांडेय, ऊषा रावत, हरीराम रावत आदि मौजूद रहे।