बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच, समझ व मांग आमजनता से बिल्कुल अलग होने के कारण ही पीएम मोदी रैलियों में अपने पांच साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा देने की जगह बंदूक-तोप, गोली-गोला और चीन-पाकिस्तान का जिक्र कर अपनी जवाबदेही से भागने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए आज हर तरफ नो मोर मोदी सरकार का शोर है।
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने अपनी रैलियों में विपक्ष द्वारा एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने को लेकर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा था कि ऐसा लगता है कि विपक्ष के नेताओं में आज पाकिस्तान का हीरो बनने की होड़ लगी है। जिसे लेकर मायावती ने ट्वीट किया।
मायावती ने ये भी कहा कि भाजपा सरकार में राजनीतिक, जातिवादी, सांप्रदायिक द्वेष व कट्टरता काफी ज्यादा बढ़ी है। जिससे कि आम लोग काफी त्रस्त हैं। जो कि बेहद दुखद है।
उन्होंने देश के प्रसिद्घ लोगों द्वारा हेट स्पीच तत्वों को चुनाव में हराने की अपील की सराहना करते हुए इसे जरूरी व सार्थक कदम करार दिया।