बसपा सुप्रीमो मायावती ने बृहस्पतिवार को पंचायत चुनाव की समीक्षा के साथ ही 2017 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सर्वसमाज को पार्टी से जोड़ने का काम करें।
साथ ही, जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में धनबल और सरकारी मशीनरी के बल पर जीत हासिल करने के सपा के हथकंडों को कामयाब न होने दें। वहीं, उन्होंने आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव पर कहा कि यदि लोकसभा चुनाव की तरह बिहार के लोगों ने मोदी पर विश्वास किया तो इससे बिहार का नुकसान होगा।
मायावती यहां बसपा कार्यालय में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के जोन व जिला स्तर के सभी वरिष्ठ नेताओं व को-ऑर्डिनेटरों की बैठक में बोल रही थीं। उन्होंने प्रदेश में पंचायत चुनावों में पार्टी को मिली सफलता के लिए लोगों का आभार जताते हुए कहा कि इससे जनता के मूड का पता लग गया है।
हालांकि पंचायत चुनाव के कारण पार्टी संगठन की तैयारियों में काफी विलंब हुआ, फिर भी इस चुनाव में जनता ने अच्छी संख्या में बसपा के लोगों को जिताया है। यदि जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में सत्ताधारी सपा ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग न किया तो बसपा प्रत्याशियों की जीत होगी। उन्होंने उत्तराखंड के नेताओं से कहा कि वे यूपी में पंचायत चुनाव के नतीजों से सीखकर अपने राज्य में सफलता हासिल करें।