बसपा सुप्रीमो मायावती (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा द्वारा जारी किए गए घोषणापत्र पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। उन्होंने कहा कि 2014 में भी भाजपा ने बड़े-बड़े वादे कर देश की जनता को गुमराह किया था और इस बार भी यही कर रही है।
उन्होंने सोमवार को कहा कि भाजपा 2014 में किए गए वादों को पूरा नहीं कर सकी। ऐसे में उन्हें नया घोषणापत्र लाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्हें पिछले चुनाव के घोषणापत्र के संबंध में 'कार्रवाई रिपोर्ट' प्रस्तुत करनी चाहिए, लेकिन ये करने की उनमें हिम्मत नहीं है।
मायावती ने कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा ने धन्नासेठों के लिए ही काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों को 15-15 लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया। उन्होंने भाजपा के घोषणापत्र को छलावा करार दिया।
मालूम हो कि सोमवार को दिल्ली में भाजपा ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2019 से 2024 तक का वक्त जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला होगा।