अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत पेवाड़ा मोहल्ला स्थित छप्परनुमा घर में गुरुवार देर शाम शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। जब तक स्थानीय लोग आग पर काबू पाते, तब तक लगभग पूरी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। आग की घटना में लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति को नुकसान हुआ।
मोहम्मद सलीम का मोहल्ले में छप्परनुमा घर है। गुरुवार देर शाम वह किसी कार्य से बाहर निकला हुआ था। घर में परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। बताया जाता है कि इसी बीच शॉर्ट-सर्किट से चिंगारी निकली, जिससे छप्परनुमा घर में आग लग गई। आग की लपटें देख घर में मौजूद लोग चीख पुकार करते बाहर की तरफ भागे। आग इर्दगिर्द के दूसरे घरों को अपनी चपेट में न ले, इसके लिए स्थानीय लोगों ने खुद ही आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। लगभग आधे घंटे के प्रयास में आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लगभग पूरी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित के अनुसार लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति को नुकसान हुआ है।