नर्म धूप के बीच इकाना स्टेडियम के बाहर आईपीएल मुकाबले के लिए दोपहर एक बजे से ही दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ पहुंच चुकी थी। भीड़ धीरे-धीरे बढ़ रही थी। मुकाबला भी खास था, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच। वैसे तो दर्शकों की दीवानगी लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए अधिक थी, लेकिन गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के लिए भी उनका दिल खूब धड़का।
ऋषभ पंत के साथ ही शुभमन गिल के नाम वाली टीशर्ट स्टेडियम के बाहर खूब बिकीं। ज्यादातर दर्शकों की चाहत थी कि लखनऊ जीते लेकिन वे गिल के बल्ले का कमाल भी देखना चाहते थे। मैच के दौरान गिल ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और अर्धशतक जड़कर साबित कर दिया कि वे आखिर क्यों दर्शकों के चहेते हैं। मैच शुरू होते ही गुजरात टाइटंस की ओर से एस. सुदर्शन ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ा तो पूरा स्टेडियम झूम उठा। इसके बाद गिल और सुदर्शन के चौकों-छक्कों की बरसात के बीच स्कोर बोर्ड पर रनों की रफ्तार के साथ ही स्टेडियम में दर्शकों की संख्या भी बढ़ती रही। साढ़े चार बजे तक स्टेडियम लगभग पूरा भर चुका था और दर्शकों का उत्साह आसमान छू रहा था। इस बीच चीयर लीडर्स का डांस, नगाड़ों की धमक और गूंजते हिंदी गीतों पर थिरकते दर्शक माहौल को गर्मजोशी से भरते रहे।
अब तो विकेट ले लो मेरे भाई...
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाजों गिल और सुदर्शन के शानदार प्रदर्शन के साथ स्कोर बोर्ड पर बिना कोई विकेट खोए दस ओवर में 103 रन लगा दिए। इसके बाद एलएसजी के प्रशंसकों ने जोर जोर से आवाज लगानी शुरू कर दी कि अब तो विकेट ले लो मेरे भाई...। कोई बोला कि अरे, मंतर पढ़ो भाई...। 13वें ओवर की पहली गेंद पर 60 रन के निजी स्कोर पर कप्तान गिल के आउट होते ही एलएसजी के प्रशंसकों की जान में जान आई। ...लेकिन तब तक गुजरात का स्कोर 120 रन पहुंच चुका था।
चीयर लीडर्स ने मैदान के चक्कर लगाकर किया दर्शकों का अभिवादन
मैच के शुरू होने से पहले चीयर लीडर्स ने मैदान का चक्कर लगाते हुए दर्शकों का अभिवादन किया। इस दौरान दर्शकों ने भी शोर मचाते हुए गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। मैच के दौरान चौके-छक्कों पर चीयर लीडर्स ने डांस पर दर्शक भी उनके साथ साथ झूमते रहे। गुजरात की पारी खत्म होने के बाद एक बार फिर से चीयर लीडर्स मैदान के चारों ओर दर्शकों के सामने से गुजरीं तो दर्शक अपनी जगह पर ही खड़े होकर शोर मचाने लगे।
मुफ्त बांटी गईं एलएसजी की टीशर्ट और फ्लैग
स्टेडियम के मुख्य गेट से भीतर घुसते ही मैदान के बाहर बाकायदा स्टॉल लगाकर लखनऊ सुपरजायंट्स की टीशर्ट और फ्लैग दर्शकों को मुफ्त बांटे गए। इसे लेने के लिए दर्शकों की खूब भीड़ भी जुटी रही। हालांकि उन दर्शकों को निराशा हाथ लगी जो स्टेडियम के बाहर से टीशर्ट खरीद चुके थे। ये टीशर्ट बाहर दो सौ से तीन सौ रुपये के बीच बेची गईं।
बाउंड्री पर लगे खिलाड़ियों को पुकारते रहे दर्शक
मैच के दौरान जो भी खिलाड़ी बाउंड्री पर फील्डिंग करने पहुंचता तो दर्शक जोर-जोर से आवाज लगाकर उसे पुकारते रहे। इस दौरान डेविड मिलर ने कई बार दर्शकों की ओर हाथ हिलाया तो जवाब में दर्शकों ने भी उनका शुक्रिया अदा किया।
लखनऊ सुपरजायंट्स ने चुनी मुंबई वाली पिच
गुजरात के खिलाफ हुए इस मुकाबले के लिए लखनऊ सुपरजायंट्स प्रबंधन ने पिच नंबर छह का ही चयन किया। इस पिच पर टीम ने चार अप्रैल को हुए मुकाबले में जीत दर्ज की थी। दरअसल, काली मिट्टी वाली इस पिच पर उछाल ज्यादा होती है और गेंद अच्छे से बल्ले से कनेक्ट होती है। चूंकि एलएसजी टीम में विदेशी बल्लेबाजों की संख्या ज्यादा है जो उछाल भरी विकेट पर खेलना पसंद करते हैं। इसलिए टीम प्रबंधन ने काली सतह पर खेलना पसंद किया। बताते चलें कि इकाना स्टेडियम में हुए सत्र के पहले मुकाबले में लखनऊ ने लाल मिट्टी वाली पिच पर पंजाब का सामना किया था और टीम को हार मिली। हार के बाद टीम के मेंटर जहीर खान ने नाराजगी जताई थी।
फिर नहीं चला 27 करोड़ी पंत का बल्ला
आईपीएल में बड़ी पारी के इंतजार में 27 करोड़ी ऋषभ पंत का बल्ला एक बार फिर नहीं चला। उन्होंने मिचेल मार्श के बाहर होने के कारण मार्करम के साथ पारी की शुरुआत करने का फैसला किया। राशिद की गेंद पर एक रन चुराकर 17 रन का आंकड़ा छुआ, जो मौजूदा आईपीएल में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रहा। पंत ने चार चौके जमाकर बड़ी पारी की उम्मीद भी जगा दी, लेकिन 21 रन के निजी योग पर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर सुंदर को कैच दे बैठे। इससे लखनऊ के प्रशंसकों में निराशा छा गई।
लखनऊ पहुंची चेन्नई सुपरकिंग्स, रविवार को करेगी अभ्यास
14 अप्रैल को लखनऊ सुपरजायंट्स का अगला मुकाबला घरेलू मैदान पर चेन्नई सुपरकिंग्स से होना है। इस मुकाबले के लिए धोनी की टीम शनिवार को राजधानी पहुंच गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धोनी की टीम रविवार को इकाना स्टेडियम में अभ्यास करेगी। बताते चलें कि चेन्नई की टीम आईपीएल में लगातार पांच मैच हार चुकी है। ऐसे में लखनऊ के खिलाफ जीत दर्ज करना टीम की प्राथमिकता होगी। रविवार को होने वाले अभ्यास सत्र में सुपरजायंट्स टीम के आने की संभावना कम है।