सराेजनीनगर। अमौसी इलाके में बुधवार दोपहर चोरी का आरोप लगाते हुए दो लोगों ने बाराबंकी के रामसनेही घाट के टेमा गांव निवासी राजमिस्त्री आशीष द्विवेदी (34) को लकड़ी के फंटे और लात-घूंसों से पीट दिया। बृहस्पतिवार को घायल आशीष ने दम तोड़ दिया। भाई मनीष की तहरीर पर सरोजनीनगर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।
मनीष ने आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे फतेहपुर के हुसैनगंज निवासी राजमिस्त्री फूलचंद्र और अमौसी निवासी प्लंबर कल्लू घर पहुंचे थे। उन्होंने आशीष पर छेनी व हथौड़ी चोरी करने का आरोप लगाया। आरोपियों ने चाचा को भाई के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी और गाली गलौज करने लगे। इसके बाद दोनों भाई आशीष को लेकर वहां से निकल गए। करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर साई सुरक्षा नगर कॉलोनी में दोनों ने आशीष को पीट दिया और उसे मरणासन्न हालत में देखकर वहां से निकल गए।
बृहस्पतिवार सुबह बिगड़ गई तबीयत
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची सरोजनीनगर पुलिस ने आशीष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और उनके चाचा को सूचना दी। मनीष के मुताबिक वह और चाचा अस्पताल पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद भाई को घर ले आए। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे भाई की तबीयत बिगड़ गई। कुछ देर बाद भाई ने दम तोड़ दिया। मनीष ने घटना की सूचना यूपी 112 पर दी। पुलिस ने छानबीन की। डीसीपी मो. मुश्ताक ने बताया कि मनीष की तहरीर पर दाेनों आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या, मारपीट व अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।