मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की तेरहवीं से पहले ही भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला कर चार सौ से अधिक आतंकियों को ढेर कर सीआरपीएफ जवानों की शहादत का बदला लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश को विश्वास था कि मोदी है तो हर कार्य मुमकिन है, नामुमकिन को मुमकिन बनाने का पर्याय मोदी बन चुके है।
मंगलवार को सरोजनी नगर के भागूखेड़ा गांव में मीडिया से बातचीत में कहा कि आज पूरा देश दोहरी दीपावली मना रहा है। एक तरफ जहां आजादी के बाद पहली बार जिन गांवों और घरों में बिजली पहुंची है उन परिवारों में दीपक जलाए गए हैं। वहीं दूसरी ओर देश के बहादुर जवानों ने मंगलवार सुबह ब्रह्म मुहुर्त में ही सीआरपीएफ जवानों पर कायरना हमला करने वाले पापियों को सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले में हमारे चालीस जवान शहीद हुए थे, भारतीय सेना ने चालीस केबदले चार सौ से अधिक आतंकियों को ढेर कर आतंक पर जोरदार प्रहार किया है। भारत केबहादुर जवानों ने मजबूत सरकार के नेतृत्व में पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों के ढिकानों को नेस्तोनाबूद किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कृतित्व से लोगों के विश्वास को कायम रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सेना के शौर्य और पराक्रम का पूरा देश अभिनंदन कर रहा है। पाकिस्तान की धमकी के सवाल पर योगी ने कहा कि पाकिस्तान कई बार मुंह की खा चुका है, उसे अपने अस्तित्व केलिए जूझना पड़ेगा।