लखनऊ में जिला विद्यालय निरीक्षक के परीक्षा कार्यालय में चार साल से इंदिरानगर के रियल न्यू हैप्पी डेज स्कूल के उत्तीर्ण और फेल छात्रों के अंकपत्र पड़े हैं। इन्हें पूछने वाला कोई नहीं है। न तो स्कूल का अता-पता है और न ही छात्रों का। विभाग अब इन अंकपत्रों को बोर्ड को वापस भेजने की तैयारी कर रहा है। परीक्षा कार्यालय में स्कूल के 34 उत्तीर्ण छात्रों के अंकपत्र रखे हैं।
सभी अंकपत्र हाईस्कूल के हैं और वर्ष 2015 की परीक्षा के हैं। यही नहीं इसी स्कूल के 31 अनुत्तीर्ण छात्रों की मार्क्सशीट भी यहां रखी हुई है। चार साल बीतने के बाद भी एक भी छात्र अंकपत्र लेने डीआईओएस कार्यालय नहीं पहुंचा और न ही स्कूल ने कभी संपर्क किया। अब यह स्कूल अस्तित्व में भी नहीं है। विभाग ने जब इसके बारे में जानकारी ली तो स्कूल बंद मिला।