त्योहार से पहले बाजार टॉप गियर लगाने को तैयार, ऑफरों की भी भरमार
जागरूकता और जरूरत के साथ बदल रही लोगों की सोच महामारी से जूझ रहे बाजार के लिए वरदान साबित हुई। नतीजा पितृपक्ष और अब मलमास के बावजूद त्योहार से पहले बाजार ने टॉप गियर लगाने की तैयारी कर ली है।
वाहन बाजार हो या फिर कपड़ा बाजार, कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं। कल तक नाउम्मीदी लिए बैठे व्यापारी अब अंगुलियों पर गिन कर बता रहे हैं कि कितने वाहन नवरात्र तक बेच लेंगे और कितने करोड़ का कपड़ों का व्यापार होने की उम्मीद है।
सराफा बाजार को भी पंख लग चुके हैं। पितृपक्ष की ही तरह अधिकमास में खरीदारी न करने की भ्रांति दूर हो चुकी है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर : नुकसान की भरपाई हुई, त्योहार से पहले त्योहार
कानपुर रोड स्थित स्काईडेक शोरूम में कीया के सोनेट मॉडल की पहली डिलीवरी देते हुए मंजीत तलवार कहते हैं कि 250 गाड़ियों की बुकिंग है और 100 गाड़ियां नवरात्र तक सड़क पर होंगी। लॉन्चिंग से पहले ही सोनेट की 90 के करीब गाड़ियां बुक हो गईं। एसएएस हुंडई के मैनेजिंग डायरेक्टर गुंजित कालरा कहते हैं कि दो-तीन दिन में हम सरप्राइज ऑफर लेकर आ रहे हैं। दरअसल ग्राहक को लगने लगा है कि नवरात्र में विकल्प कम हो जाते हैं, कभी कलर नहीं मिलता, कभी बुकिंग समय से नहीं मिल पाती है। नवरात्र में हुंडई की 800-1000 गाड़िया सड़क पर होंगी। मारुति शोरूम आलमबाग के रिलेशनशिप मैनेजर नवनीत मिश्रा कहते हैं कि मैं 11 साल से इस लाइन में हूं और महसूस कर रहा हूं कि ग्राहक जबरदस्त तरीके से एग्रेसिव मूड में है। सुरक्षा जरूरी है, इसलिए फोरव्हीलर की ओर रुझान बढ़ा है। हरदिन 10-15 गाड़ियों की बुकिंग कर रहे हैं हम।
नवरात्र तक 5000 नए टू व्हीलर सड़क पर होंगे
जुगल किशोर होंडा के जीएम हरेन्द्र सिंह कहते हैं कि सामान्य दिनों में 100 सीसी सेगमेंट में 5000 टू व्हीलर गाड़ियां सड़क पर आ जाती हैं। यदि सबकुछ ठीक रहा तो जिस तरह से लोग टू व्हीलर के लिए पूछताछ कर रहे हैं, उसे देखते हुए लगता है कि बाजार कवर हो जाएगा नवरात्र तक।
सराफा बाजार : नवरात्र में हर दिन 15 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
लखनऊ सराफा के संगठन मंत्री आदिश कुमार जैन कहते हैं कि आम दिनों में लखनऊ में 9 करोड़ के करीब कारोबार होता है। पितृपक्ष और मलमास में जिस तरह से लोगों ने खरीदारी में रुचि दिखाई है, उसे देख लगता है कि नवरात्र में हर दिन का कारोबार 15 करोड़ के करीब पहुंच जाएगा।
दिवाली तक सोने के दाम बढ़ने की चर्चा के बीच खरीदार बढ़े
सर्राफ रवि केसरवानी कहते हैं कि दिवाली तक सोने के दाम 65 हजार रुपये के करीब पहुंच जाने की चर्चा है। दाम के मनोविज्ञान के चलते लोग खरीदारी करने निकले हैं। यही वजह है कि पितृपक्ष में भी बुकिंग हुई, मलमास के पहले दिन भी रौनक बरकरार है।
कपड़ा बाजार : पितृपक्ष-मलमास से मिली ऑक्सीजन
राजधानी में सहालग का कपड़ा बाजार करीब-करीब 150-200 करोड़ से अधिक का है। इसमें हजरतगंज, हलवासिया व जनपथ का कारोबार मिला लें तो करीब 25 करोड़ रुपये की खरीदारी लोग करते हैं। लखनऊ कपड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक मोतियानी कहते हैं कि महामारी ने कारोबार शून्य कर दिया, लेकिन मलमास और पितृपक्ष में खरीदारी को देख उम्मीद की जा रही है कि नवरात्र तक बाजार पूरी तरह से उठ जाएगा। कारोबारी कुलवंत सिंह कहते हैं कि शादियों की तैयारी के लिए लोग दिल्ली से खरीदारी करते हैं, संक्रमण के डर की वजह से वह ग्राहक हमें मिल गया है।
पंडितजी बोले- खरीदारी प्रतिबंधित नहीं
आचार्य शिवशंकर पांडेय कहते हैं कि पितृपक्ष हो या मलमास खरीदारी पर प्रतिबंध कहीं नहीं है। अधिकमास भगवान विष्णु को समर्पित है। इस काल में विवाह या शुभ काम को लेकर लोग मना करते हैं, लेकिन कहीं भी खरीदारी की मनाही नहीं है। नए वस्त्र, नई गाड़ियां, आभूषण आदि दिल खोलकर खरीदिए, कहीं वर्जित नहीं है।