डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरएमएलआईएमएस) में
अब भर्ती मरीजों को 24 घंटे पैथोलॉजी जांच की सुविधा मिलेगी।
भर्ती मरीजों
को इमरजेंसी जांच की जरूरत को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। प्रमुख सचिव
चिकित्सा शिक्षा जे.पी. शर्मा ने बृहस्पतिवार को पैथोलॉजी सेवाओं का
लोकार्पण किया।
इस मौके पर भर्ती मरीजों को खाने की सुविधा, कैंसर रोगियों
की रेडियोथेरेपी के लिए अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलिनिरेटर और हृदय रोगियों
के लिए आदर्श कार्डियोलॉजी वार्ड का भी उद्घाटन किया गया।
प्रमुख
सचिव चिकित्सा शिक्षा जे.पी. शर्मा ने सबसे पहले आंकोलॉजी वार्ड में
मरीजों को अपने हाथ से खाने की प्लेट देकर इसकी शुरूआत की। इस मौके पर
प्रमुख सचिव ने सीटीवीएस और कार्डियोलॉजी आदर्श वार्ड का उद्घाटन किया।
इस
वार्ड में मरीजों के साथ कोई तीमारदार न होने पर भी इलाज में कोई
दिक्कत नहीं आएगी। वार्ड में ही बेड पर सैम्पल कलेक्शन, दवा
वितरण की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए परिवार वालों को इधर-उधर
दौड़ना नहीं पड़ेगा। इस सेवा के लिए हॉस्पिटल इन्फार्मेशन सिस्टम
(एचआईएस) का सहारा लिया जाएगा।
इसके बाद
प्रमुख सचिव ने छठे तल पर स्थित पैथोलॉजी ब्लॉक में 24 घंटे शुरू होने वाली
जांच की सुविधा की जानकारी ली और उसकी शुरूआत की।
बाद में उन्होंने
आंकोलॉजी भवन में कैंसर रोगियों के इलाज के लिए लीनियर एक्सीलिनिरेटर मशीन
का लोकार्पण किया। रेडियोथेरेपी विभाग के हेड प्रो. एम.एल. भट्ट ने बताया
कि इस मशीन से स्टीरियो टैक्टिक सर्जरी, ब्रेन ट्यूमर, प्रोस्टेट कैंसर
सहित सभी प्रकार के कैंसर में रेडियोथेरेपी की जा सकती है।
दिल्ली, मुंबई
और चेन्नई के बाद ये उत्तर प्रदेश की पहली लीनियर एक्सीलिनिरेटर मशीन है।
इससे पहले सिर्फ एसजीपीजीआई में ही लीनियर एक्सीलिनिरेटर है।
इस मौके पर
लोहिया अस्पताल के सीएमएस डॉ. आर.सी. अग्रवाल और चिकित्सा अधीक्षक डॉ.
एम.एल. भार्गव भी मौजूद थे।