सपा, बसपा समेत कुछ अन्य दलों के नेताओं ने शनिवार को आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इन नेताओं को आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने सदस्यता दिलाई। वहीं, पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर हुई प्रेस वार्ता में हमारा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वदेश कोरी ने आप में विलय की घोषणा की।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी में जन सरोकार की राजनीति करने वालों का खुले दिल से स्वागत है। पार्टी जात पात की नहीं शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों की राजनीति करती है।
प्रदेश और प्रदेश की जनता गवाह है कि पार्टी के सक्रिय होते ही सूबे में जात पात की जगह स्कूल-अस्पताल की चर्चा होने लगी है।
सदस्यता लेने वालों में बसपा के शशिकांत यादव, अनवर अली, रवि सिंह, सपा के मंगल यादव, अकरम राजू भाई, बाबू जगजीवन राम पार्टी के सुनील कुमार गौतम, मोहम्मद हसीब बबलू, रेहान मलिक और नागरिक एकता पार्टी के सिराज हाफिज शामिल रहे।
बता दें कि आम आदमी पार्टी यूपी में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए तैयारी कर रही है। अभी हाल ही में पार्टी ने 65 जिलों में प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि मजबूती से पंचायत चुनाव लड़ने के उद्देश्य से कई पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि शेष 10 जिलों में भी जल्द प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। इनमें अंबेडकर नगर का मकसूद अंसारी और अमेठी का प्रभारी हितेंद्र सिंह को बनाया गया है।
बहराइच में विनय श्रीवास्तव, बाराबंकी में विनय पटेल, अयोध्या में दिनेश चंद्र गौतम, गोंडा में अनुज पाठक, हरदोई में राजेंद्र राजश्री, श्रावस्ती में मुन्नालाल चौरसिया, सिद्धार्थनगर में सूर्या त्रिपाठी, सीतापुर में तुषार श्रीवास्तव, सुल्तानपुर में रवींद्र मणि वर्मा प्रभारी बनाए गए हैं।
इसी तरह उन्नाव में विजय सिंह, कानपुर देहात में मो. शाहजहां, कानपुर नगर में रुचि यादव, कौशांबी में अंजनी कुमार मिश्र, लखीमपुर खीरी में अनुज कुमार मिश्र, प्रतापगढ़ में शबाज खान और रायबरेली में तरुण प्रताप सिंह प्रभारी बनाए गए हैं।