यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत सरकार द्वारा उद्योग जगत के लिए टैक्स रेट कम करने को ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि इससे भारत निवेश के नए हब के रूप में विकसित होगा जिसका लाभ उत्तर प्रदेश को भी होगा और प्रदेश में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रियों के लिए रविवार को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), लखनऊ में लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम ‘मंथन-3’ का आयोजन किया गया है। जिसमें मुख्यमंत्री योगी व उनकी कैबिनेट के सहयोगी भाग ले रहे हैं।
सभी मंत्री कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास से वॉल्वो बस से आईआईएम पहुंचे। कार्यक्रम में एक के बाद एक कई सत्रों का आयोजन किया जाएगा।
8 व 15 सितंबर को मंथन के दो संस्करण पूरे हो चुके हैं। इनमें प्रदेश के विकास से संबंधित सवालों को लेकर मंत्रियों के लिए ब्रेन स्टॉर्मिंग सेशन चलाया गया। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम को काफी उपयोगी बता चुके हैं।