पिछले कुछ दिनों से तापमान में आई गिरावट से मौसम खुशनुमा हुआ। सोमवार
सुबह हुई बारिश से मौसम के तेवर और भी ढीले पड़ गए।
आने वाले चार-पांच
दिनों में इन तेवरों पर पानी की फुहारें पड़ जाएंगी और जून की चिलचिलाती व
चिपचिपाती गर्मी से लोगों को राहत मिल जाएगी। हालांकि, सोमवार को बारिश के
बावजूद दिनभर गर्मी ने लोगों को परेशान किया।
मौसम
विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान सुस्त
पड़ेगा और ताजगी से मौसम भर जाएगा। चूंकि, 20 से 21 जून तक मानसून के
प्रदेश में प्रवेश करने की उम्मीद है।
इसलिए जल्द ही यह लखनऊ भी पहुंच
जाएगा। हालांकि, मानसून के लखनऊ पहुंचने की तारीख की आधिकारिक सूचना
उन्होंने नहीं दी। सूत्रों की मानें तो 25 से 27 जून के बीच लखनऊ में
मानसून की पहली बारिश होने की उम्मीद है।
इसके बाद लखनऊ में बारिश का
सिलसिला शुरू हो जाएगा। निदेशक ने बताया कि गत वर्ष 15 जून को मानसून ने
दस्तक दी थी। इस बार की बारिश 80 से 90 प्रतिशत तक सामान्य रहेगी। लखनऊ में
प्रतिवर्ष औसत बारिश 90 सेंटीमीटर होती है।
सोमवार
को जहां सुबह हुई बारिश से मौसम के सामान्य व खुशनुमा रहने की उम्मीद थी।
वहीं दिन चढ़ते-चढ़ते पारे ने ऐसा परेशान किया कि लोग पसीना पोंछते नजर आए।
अधिकतम तापमान जहां औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम
तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 40.7 व
न्यूनतम 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह रविवार के तापमान से अधिक था।