प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने केंद्रीय संचार एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद से राज्य को सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए मदद मांगी है।
उन्होंने प्रदेश में इस ओर की गई इनोवेटिव पहल का हवाला देते हुए आईटी से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए मदद का आग्रह किया है।
पांडेय मंगलवार को दिल्ली में सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रियों व सचिवों के सम्मेलन में बोल रहे थे।
उन्होंने प्रदेश के विद्यार्थियों में लैपटॉप वितरण, शासकीय सेवाओं को आसान बनाने के लिए शपथपत्र की व्यवस्था खत्म करने, ई-गवर्नेंस के साथ ग्रीन-गवर्नेंस की पहल करते हुए सचिवालय भवनों को पेपरलेस करने जैसे प्रदेश सरकार के फैसलों की विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने राजधानी में आईटी सिटी की स्थापना के साथ टीयर-टू व टीयर-थ्री शहरों को आईटी डेस्टिनेशन के रूप में बढ़ावा देने के लिए आईटी पार्क बनाने के फैसले की भी जानकारी दी।
इसके अलावा पांडेय ने प्रदेश में चल रही उन योजनाओं की भी जानकारी दी जिसमें केंद्र से वित्तीय मदद की दरकार है।