प्रवेंद्र गुप्ता
लखनऊ। सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण में बनाई जा रही सात सड़कों में महानगर के गोल चौराहे से कपूरथला की ओर जाने वाला मंदिर मार्ग बनकर तैयार हो गया है। सड़क पर आकर्षक स्ट्रीट लाइटें, फुटपाथ पर बेंच और डिवाइडर में पौधे लगाए गए हैं। विशेष डिजाइन वाली लाइटों से रात में सड़क की खूबसूरती देखते ही बनती है। नगर निगम का दावा है कि पहले चरण की सभी सात सड़कें नवंबर के अंत तक चमकने लगेंगी। फिलहाल 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है और फिनिशिंग का काम चल रहा है।
करीब दो साल पहले शुरू हुई सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण में सात सड़कें शामिल की गई थी। इनका निर्माण 186 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। योजना के तहत सात मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों को नए सिरे से संवारा जा रहा है। पैदल चलने वालों के लिए चौड़े फुटपाथ बनाए गए हैं और जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई है। फुटपाथ पर बेंच लगाई गई हैं, जबकि वाहनों को चढ़ने से रोकने के लिए बोल्डर लगाए गए हैं।
सड़कों पर आकर्षक स्ट्रीट लाइटें लगाने के साथ बिजली की केबल भूमिगत की गई हैं। इसके लिए डक्ट बनाए गए हैं। पुराने बिजली के पोल हटाने और ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने का काम भी किया गया है। सड़क के बीच पड़ने वाले चौराहों का भी नए डिजाइन के अनुसार सुंदरीकरण किया गया है।
आठ महीने की देरी से चल रहा काम
पहले चरण की सड़कों का निर्माण 15 महीने में यानी जनवरी में पूरा होना था, लेकिन काम करीब आठ महीने पिछड़ गया। प्रोजेक्ट मैनेजर अतुल मिश्रा के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने, यूटिलिटी शिफ्टिंग, बिजली केबल डालने के लिए शटडाउन मिलने और ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने में देरी से काम प्रभावित हुआ। अब नवंबर के अंत तक सभी सड़कें तैयार करने का लक्ष्य है।
इन सात सड़कों का हो रहा निर्माण
कालीदास चौराहे से सिविल अस्पताल होते हुए हजरतगंज तक और डीएसओ चौराहे से पार्क रोड तक, विश्वविद्यालय मार्ग से हनुमान सेतु रोड, गोल मार्केट से कपूरथला होते हुए अलकापुरी तिराहा, ताड़ीखाना डिवाइडर रोड से सेक्टर क्यू, पुरनिया अलीगंज रोड से कुर्सी रोड, तेलीबाग में इग्नू मोड़ से एलेन हाउस स्कूल और रजनीखंड पावर हाउस से सैनिक ढाबा तक।
Iपैदल चलने वालों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। डक्ट बनने से भविष्य में केबल डालने के लिए बार-बार सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- अतुल मिश्रा, प्रोजेक्ट मैनेजर, नगर निगमI
सीएम ग्रिड से चमका मंदिर मार्ग।
सीएम ग्रिड से चमका मंदिर मार्ग।
सीएम ग्रिड से चमका मंदिर मार्ग।