शहर के मोहल्ला सलारगंज ईदगाह में गुरुवार देर रात संपत्ति विवाद में देवर-देवरानी ने भाभी को पीटकर तेजाब से झुलसाया फिर केरोसिन डालकर जला दिया। अस्पताल पहुंचते ही महिला ने दम तोड़ दिया।
दोनों अपनी भाभी द्वारा सारी जायदाद अपनी इकलौती बेटी के नाम करने की तैयारी से नाराज थे। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में मृतका के बेटी की तहरीर पर देवर, देवरानी समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत सलारगंज ईदगाह रोड निवासी मुन्ना उर्फ मोहम्मद हाशिम अपनी पत्नी सालमुन (45) के साथ घर में अकेले रहते थे। दंपती की इकलौती पुत्री शीबा उर्फ फिरदौस जहां की शादी हो चुकी है।
वह माधवपुर फखरपुर ससुराल में रहती है। बकरीद के मौके पर शीबा मायके सलारगंज आई थी। शीबा का कहना है कि गुरुवार देर शाम को वह मां के साथ बातचीत कर रही थी। पिता बाजार गए थे। उसी समय उसके चाचा कासिम और चाची अफसरी तथा परिवार के अन्य सदस्य घर में घुस आए।