निगोहां क्षेत्र में शुक्रवार को ईयर फोन लगाकर गाना सुनते हुए रेल ट्रैक पार करना अनुपम मिश्रा (28) को भारी पड़ गया। इस दौरान वहां से गुजरी ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने छानबीन करके शव मॉर्च्युरी भिजवाया है। पुलिस के मुताबिक, निगोहां के शेरपुर लवल गांव निवासी विकास भवन में तैनात प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा का बेटा अनुपम एमबीए करने के बाद एक चाय कंपनी में कार्यरत था।
सुबह करीब छह बजे वह ड्यूटी के लिए घर से निकला था। वह ईयर फोन लगाकर गाना सुनते हुए जा रहा था। शेरपुर लवल भट्ठे के सामने रेलवे लाइन पार करने लगा। इस बीच ट्रेन आ गई।
यह देख लोगों ने शोर मचाया लेकिन, तब तक वह ट्रेन की चपेट में आ चुका था। पुलिस ने उसके पास मिले फोन से घरवालों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिवारीजन बेटे का शव देखकर रोने-पीटने लगे।