यूपी एसटीएफ ने पशुपालन विभाग के नाम पर ठगी में वांछित और नमक घोटाले के मुख्य आरोपी सुनील गुर्जर उर्फ मोंटी को जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है।
आईजी एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि सुनील गुर्जर पशुपालन विभाग के नाम पर ठगी के मुख्य आरोपी आशीष राय का सहयोगी है। जिस तरह आशीष ने एसके मित्तल बनकर पशुपालन विभाग में ठेका दिलाने के नाम पर ठगी की थी, उसी तरह नमक की सप्लाई का काम दिलाने के लिए गुजरात के दो व्यवसायियों को भी इस गिरोह ने ठगा था। नमक घोटाले में मुख्य किरदार सुनील गुर्जर ने निभाया था।
इस मामले में विभूति खंड थाने में गत अगस्त में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मोंटी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। उसे पकड़ने के लिए लुक आउट नोटिस जारी कराया गया था। आईजी ने बताया कि सुनील गुर्जर दुबई भागने की फिराक में था, उसे शनिवार शाम जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। वह मूल रूप से जयपुर का ही रहने वाला है।